बहरागोड़ा। संवाददाता
शांतिपूर्ण त्योहार के लिए प्रशासन की पहल
आगामी होली और बकरीद को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बहरागोड़ा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार ने की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जबरन रंग लगाने और हुड़दंग पर सख्ती की चेतावनी
बैठक को संबोधित करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि बहरागोड़ा क्षेत्र आपसी एकता और सद्भाव के लिए जाना जाता है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन रंग न लगाया जाए। पर्यावरण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सूखे रंग (गुलाल) के प्रयोग की सलाह दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि हुड़दंग मचाने या शांति भंग करने वाले तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
क्षेत्र में हाल के दिनों में फैल रही बच्चा चोरी और घरों में चोरी की अफवाहों पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस निरीक्षक ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ समापन
बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और शांति व भाईचारे का संदेश दिया।
ये रहे उपस्थित गणमान्य लोग
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू सहित असित मिश्रा, स्वपन महतो, तपन ओझा, सुमन कल्याण मंडल, मिंटू पाल, कुमार गौरव पुष्टि, रास बिहारी साहु, शंकर हलदार, मिठू साव, गजेंद्र सिंह, रामहरि बेरा, देव प्रसाद दे, गुरुचरण मांडी, प्रबीर कुमार गिरी, बाबनी प्रहराज, सुमित माईती, अरुण बारीक, जन्मेजय करण, जगदीश राय, तापस महापात्र, चैतन्य मुंडा, विजय मुंडा, नूरुल हुसैन, काली पाल, बाबलू पांडा, देबू दंडपाट, मंटू साहा और खितिश मुंडा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।