जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती में रविवार रात गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी विवाद के बाद बदमाशों ने आफताब नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आफताब को तीन गोलियां लगीं। एक गोली उसकी पीठ और दो गोलियां पेट में लगीं, जिसके बाद वह मौके पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के दौरान करीब 16 राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया।
घायल युवक के साथियों का कहना है कि आफताब हाल के दिनों में नशा मुक्ति अभियान से जुड़ा हुआ था। उन्होंने आशंका जताई है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।