बहरागोड़ा। पवित्र श्रावण मास के सोमवार के अवसर पर बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने प्रसिद्ध बाबा चित्रेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, अच्छी वर्षा और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।

पूजा-अर्चना के बाद विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि बाबा चित्रेश्वर धाम झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे स्थलों के समुचित विकास से क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
श्रावण सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार और समाज की सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की। विधायक ने भी सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से पूरे क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।