Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: कान्हाईश्वर पहाड़ के सौंदर्यीकरण कार्य का विधायक समीर मोहंती ने किया भूमि पूजन

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता रोहन सिंह : चाकुलिया प्रखंड के चालुनिया पंचायत अंतर्गत जयनगर स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल कान्हाईश्वर पहाड़ के सौंदर्यीकरण एवं सीढ़ी निर्माण कार्य का शुभारंभ शनिवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ हुआ। इस महत्वपूर्ण विकास परियोजना की शुरुआत स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती ने पूजा-अर्चना कर की।

इस परियोजना के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है। विधायक ने बताया कि कान्हाईश्वर पहाड़ को धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से विकसित करने की योजना लंबे समय से विचाराधीन थी, जिसका अब औपचारिक रूप से कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले दो वर्षों के भीतर पहाड़ का पूरा सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

भूमि पूजन के दौरान स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों का मानना है कि इस कार्य के पूरा होने से न केवल धार्मिक आस्था को नई दिशा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएँ भी बढ़ेंगी। पहाड़ तक पहुँचने के लिए सीढ़ियों के निर्माण से श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा होगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय, शिव चरण हांसदा, साहेब राम मांडी, गोपन पड़ीहारी, कान्हाईलाल मांडी, निर्मल महतो, राहुल महतो, संजीत सिंह, अजीत गोप, सहदेव गोप और अक्षय नायेक सहित कई लोग उपस्थित थे।

कान्हाईश्वर पहाड़ क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में यह कदम एक बड़े परिवर्तन की शुरुआत माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने विधायक और वन विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र की पहचान में वृद्धि होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।