Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती के प्रयास से निर्मित इकोलॉजिकल डाइवर्सिटी पार्क पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, पर्यटन, रोजगार और व्यवसाय को मिलेगा नया आयाम

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड में पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे अमलागोड़ा गांव के पास स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती के पहल पर वन विभाग के तहत 78 हेक्टेयर वन भूमि पर लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इकोलॉजिकल डाइवर्सिटी पार्क में प्राकृतिक और कृत्रिम सौंदर्य का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। यह पार्क पर्यटकों को खूब आकर्षित करेगा और बच्चों, नौजवानों, महिलाओं तथा बुजुर्गों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

इस पार्क के निर्माण से चाकुलिया पर्यटन के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाएगा और क्षेत्र में रोजगार एवं व्यवसाय को नया आयाम मिलेगा। बंगाल जाने वाली सड़क के किनारे निर्मित इस पार्क में हरी-भरी घास, रंग-बिरंगे फूलों के बगीचे, सैकड़ों प्रजाति के वृक्ष और औषधीय पौधे लगाए गए हैं, जो पार्क की खूबसूरती को और निखारते हैं।

वन विभाग के पीसीसीएफ के अनुसार, नवंबर के अंतिम सप्ताह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पार्क का उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही यह आम जनता के लिए खोला जाएगा।

बच्चों और परिवारों के लिए विशेष आकर्षण:
पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए डायनासोर, हिरण, हाथी और बाघ जैसी जंगली जानवरों की विशाल प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा चिल्ड्रन पार्क, मुख्य द्वार, शिव कुंड, छठ घाट, तालाब, भूल-भुलैया, रिसॉर्ट, कैंटीन और कम्युनिटी हॉल का भव्य निर्माण किया गया है।

पार्क झारखंड के साथ-साथ ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसमें उपलब्ध सुविधाओं में दो 10 सीटर इलेक्ट्रिक वाहन, चार प्रकार के म्यूजिकल फव्वारे, बोटिंग क्लब, स्विमिंग पूल, सीनियर सिटिजन जोन, रेस्ट हाउस, कम्युनिटी हॉल, नवग्रह पार्क, कैक्टस गार्डन, रोज गार्डन, भूल-भुलैया, सफेद और लाल चंदन के वन और प्राचीन मूर्तियों से सजा शिव कुंड शामिल हैं।

विधायक समीर कुमार मोहंती ने पार्क के निर्माण पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “इस पार्क का निर्माण मेरा एक सपना था, जो अब साकार हो गया है। यह पार्क चाकुलिया को नई पहचान देगा और पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करेगा।”