पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर | 21 नवम्बर 2025
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुनें। इस दौरान उन्हें दिव्यांग पेंशन, आधार कार्ड अपडेट, अधूरी नाली निर्माण, बैंकिंग संबंधी समस्याएं, वोटर कार्ड में नाम जोड़ना, जमीन अतिक्रमण, दुकान आवंटन, नगर निकाय क्षेत्र में कचड़ा निस्तारण, जर्जर पुलिया मरम्मत, चिकित्सीय सुविधा, अनुकंपा नियुक्ति और जमीन विवाद जैसे विभिन्न जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने मौके पर कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत पंचायत स्तर के शिविरों में अवश्य भाग लें, ताकि झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम के तहत आवेदन समयबद्ध समाधान पा सकें।
साथ ही, उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदन संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से निपटाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन की ट्रैकिंग की जाए और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर नागरिकों को उचित लाभ पहुंचाया जाए।
इस कार्यक्रम से यह संदेश गया कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेता है और उन्हें तुरंत समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।