बहरागोड़ा। संवाददाता
बरसोल थाना क्षेत्र के भूतिया चौक के पास सोमवार को मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच हुई टक्कर में मोटरसाइकिल के पीछे बैठी एक महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान आरती सीट के रूप में हुई है। वह अपने पोते के साथ मानुषमुड़िया बाजार गई थीं और वहां से अपने घर इचड़ासोल लौट रही थीं। इसी दौरान भूतिया चौक के समीप मोटरसाइकिल सवार युवक की साइकिल सवार से टक्कर हो गई, जिससे बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी।
Advertisement

राहगीरों ने की मदद
दुर्घटना में साइकिल सवार व्यक्ति को भी हल्की चोटें आईं, जबकि बाइक के पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके से गुजर रहे समाजसेवी कलन महतो ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को अपनी निजी गाड़ी से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की ओर रवाना किया।
सीएचसी में चल रहा इलाज
रास्ते में 108 एंबुलेंस भी पहुंच गई, जिसके बाद घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से बहरागोड़ा सीएचसी लाया गया। फिलहाल अस्पताल में महिला का उपचार जारी है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है।