पटना,(अबुआ खबर डेस्क):
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के घटक दलों के बीच तनाव एक बार फिर उभरकर सामने आया है। सीट बंटवारे को लेकर आरजेडी और कांग्रेस में पहले से चली आ रही असहमति अब साझा चुनाव प्रचार और घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) तक पहुंच गई है।
जानकारी के मुताबिक, कई सीटों पर “फ्रेंडली फाइट” यानी सहयोगी दलों के बीच सीधा मुकाबला होने की स्थिति ने दोनों दलों के रिश्तों में और खटास बढ़ा दी है। कांग्रेस की ओर से अशोक गहलोत के पटना दौरे की तैयारी चल रही है, जहाँ उनकी मुलाकात तेजस्वी यादव से होने की संभावना है। माना जा रहा है कि दोनों नेता मतभेदों को सुलझाने की कोशिश कर सकते हैं।
वहीं, दूसरी ओर मेनिफेस्टो ड्राफ्ट कमेटी की बैठकें लगातार हो रही हैं, लेकिन अब तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। कांग्रेस और आरजेडी दोनों के बीच कई मुद्दों पर अलग-अलग दृष्टिकोण सामने आ रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह मतभेद जल्द नहीं सुलझे, तो इसका असर महागठबंधन के चुनाव प्रचार और सीटों के प्रदर्शन पर साफ दिख सकता है।