जमशेदपुर, संवाददाता सुमित झा (अबुआ खबर):
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित न्यू बारीडीह इलाके में मंगलवार देर रात एक खड़ी कार में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत सिदगोड़ा थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आग लगने की वजह स्पष्ट की जा सके।
घटना के दौरान आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा। कई लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई।