जमशेदपुर | संवाददाता
टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शनिवार सुबह करीब 9 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी होंडा जैज़ कार (JH05 BN 5846) अचानक आग की लपटों में घिर गई। सुबह के समय स्टेशन परिसर में भारी भीड़ रहती है, ऐसे में कार से उठते धुएं ने यात्रियों और राहगीरों में दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार, कार गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक की थी। वह अपनी पत्नी के साथ बेटे को दुरंतो एक्सप्रेस में बैठाने स्टेशन पहुंचे थे। तीनों ट्रेन में बिठाने के लिए स्टेशन के भीतर गए थे। लौटकर बाहर आने पर उन्होंने देखा कि उनकी कार जोरदार लपटों के साथ जल रही है। राहत की बात यह रही कि कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, स्थानीय थाना की टीम और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। एक दमकल वाहन ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया, वहीं एक जेसीबी मशीन की मदद से भी आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया तेज की गई। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह काबू में आ सकी, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इस घटना को तकनीकी खराबी का परिणाम मान रही है, हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह की जांच जारी है। आग लगते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे, जिन्हें हटाकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सामान्य किया।