जमशेदपुर | संवाददाता
कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में सोमवार देर रात हुए गोलीकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 10 बजे फारूकी मस्जिद के समीप अज्ञात बदमाशों ने तौकिर उर्फ गोरा को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल तौकिर की बाद में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत विशेष अभियान चलाया। जांच और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी मसूद इक़बाल उर्फ अयान को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से छह खोखे भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मसूद का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।