Responsive Menu
Add more content here...

राजनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: टोटो पर हाईवा पलटने से दो की मौत, दो गंभीर; ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

Spread the love

सरायकेला-खरसावां | संवाददाता

सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता–चाईबासा मेन रोड पर शनिवार सुबह करीब 7 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। फ्लायऐश से भरा एक अनियंत्रित हाईवा अचानक टोटो पर पलट गया, जिसमें सवार लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर सिंदरी गांव के पांच लोग पूजा करने राजनगर जा रहे थे। सुबह-सुबह वे टोटो से यात्रा कर रहे थे, तभी कुजू बांकसाई और 5 नंबर गेट के बीच तेज रफ्तार हाईवा अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे टोटो पर पलट गया।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दो घायलों को बाहर निकाला। दोनों को तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोटो में कुल पांच लोग सवार थे।

दुर्घটना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। विरोध के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर एसडीपीओ, प्रशिक्षु डीएसपी और राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस हालात को नियंत्रित करने में लगी हुई है।