जमशेदपुर, संवाददाता (सुमित झा)
जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र के सरमंदा गांव में बुधवार को एक पत्थर खदान में दर्दनाक हादसा हुआ। खनन कार्य के दौरान हाईवा वाहन के पलट जाने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सरमंदा मौजा स्थित उस पत्थर खदान में हुआ, जहां सुजित कुमार मंडल की करीब तीन एकड़ भूमि पर पत्थर खनन का लीज चल रहा था। बुधवार दोपहर कार्य समाप्ति के बाद बोल्डर से भरे हाईवा ट्रक को खदान से बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान वाहन में तकनीकी खराबी आ गई और ट्रक पीछे की ओर लुढ़क गया।

हादसे के वक्त शुभोजित गोप वाहन के केबिन में था, जबकि टुकलू सरदार डाले पर मौजूद था। दोनों ने खुद को बचाने के लिए कूदने की कोशिश की, लेकिन तभी हाईवा पलट गया और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर बचाव का प्रयास किया, लेकिन जब तक मदद पहुंची, दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया।
घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।