धनबाद
ऑपरेशन सिंदूर में अद्वितीय साहस और शौर्य का परिचय देने वाले बीएसएफ जवान राजेश कुमार का रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन, गोमो में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति नारों के बीच स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
गोमो के कालीपाड़ा स्थित शिव मंदिर निवासी राजेश कुमार 120 बटालियन बीएसएफ में तैनात हैं। उपायुक्त आदित्य रंजन के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी सेना की भारी गोलाबारी के बीच डटे रहकर उन्होंने अदम्य वीरता दिखाई। इस संघर्ष में घायल होने के बावजूद उन्होंने मोर्चा नहीं छोड़ा। इलाज के लिए उन्हें 166 मिलिट्री अस्पताल, सतवारी (जम्मू) में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें 25 मई 2025 को छुट्टी दी गई। उन्हें 5 जून से 2 जुलाई तक चिकित्सकीय अवकाश दिया गया है, जिसके दौरान वे अपने गृह नगर में रहेंगे।
स्वागत समारोह में शामिल प्रमुख लोग:
अंचल अधिकारी तोपचांची डॉ. संजय कुमार सिंह
थाना प्रभारी हरिहरपुर राहुल कुमार झा
इंस्पेक्टर असीम कमल टोपनो
आरपीएफ सब इंस्पेक्टर आलोक कुमार
सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी
विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी
स्टेशन प्रबंधक एस.एन. झा
जिला परिषद सदस्य विकास महतो
मुखिया प्रतिनिधि रवि सिंह
चैंबर अध्यक्ष धीरज कुमार
सभी ने राजेश कुमार की वीरता और बलिदान को नमन करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाया।