तैयारियों की हुई शुरुआत, मंदिर परिसर की हो रही साफ-सफाई
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र नागानल मंदिर में आगामी 16 और 17 जनवरी को दो दिवसीय मकर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मकर संक्रांति पर लगेगा धार्मिक मेला, होंगे विविध आयोजन
मकर महोत्सव के दौरान नागानल मंदिर परिसर में धार्मिक मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूजा-अर्चना, पारंपरिक अनुष्ठान एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
advertisment

मंदिर समिति ने दी जानकारी, सफाई कार्य जारी
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राज मिश्रा ने बताया कि महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए मंदिर परिसर में साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
नागानल मंदिर का धार्मिक महत्व
नागानल मंदिर चाकुलिया स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दक्षिण, हवाई पट्टी के समीप स्थित है। यह मंदिर वर्षभर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहता है, लेकिन मकर संक्रांति के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है।
परंपरा अनुसार थाना प्रभारी करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
परंपरा के अनुसार 16 जनवरी को मकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन थाना प्रभारी द्वारा नागा बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर एवं नागा बाबा के दरबार में चांदनी चढ़ाकर किया जाएगा। इसके साथ ही महोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी।