नगर पंचायत चुनाव को लेकर सख्ती, शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से चाकुलिया पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के धोबाशोल गांव और पश्चिम बंगाल सीमा से सटे केंदाडांगरी गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया।
धोबाशोल गांव में छापेमारी, 150 किलो जावा महुआ नष्ट
थाना प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धोबाशोल गांव में छापेमारी कर एक अवैध शराब भट्ठी को पूरी तरह नष्ट कर दिया। मौके से पुलिस ने शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरणों के साथ करीब 150 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया, जबकि 25 लीटर तैयार देशी शराब को जब्त किया गया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है।
केंदाडांगरी के जंगलों में दूसरी कार्रवाई, 450 किलो जावा महुआ किया गया नष्ट
इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित केंदाडांगरी गांव के जंगल क्षेत्र में दबिश दी। झाड़ियों के बीच संचालित हो रही अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 20 गैलन और 2 मिट्टी की हांडियों में भरे लगभग 450 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरण और भट्ठी को तोड़ दिया गया।
चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर
पुलिस प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि चुनाव अवधि में शांति व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।