चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के सरडीहा पंचायत अंतर्गत रूपुषकुंडी गांव में गुरुवार की भोर जंगली हाथी ने दहशत फैला दी। तड़के करीब चार बजे जंगल से निकलकर एक हाथी गांव में घुस आया और कई जगहों पर भारी नुकसान पहुंचाया।
महिला का घर बना हाथी के हमले का शिकार
हाथी ने सबसे पहले गांव निवासी जयंती नायक के घर पर हमला किया। इस दौरान महिला का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
लैंपस गोदाम का शटर तोड़ा
घर को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथी धान की तलाश में रूपुषकुंडी लैंपस परिसर पहुंचा। यहां उसने गोदाम में लगे लोहे के शटर को तोड़ दिया, जिससे लैंपस को भी क्षति हुई है।
ग्रामीणों में भय का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक हुए इस हमले से लोग सहमे हुए हैं और रात के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं।
जंगल की ओर लौटा हाथी, वन विभाग अलर्ट
उत्पात मचाने के बाद हाथी सांपधरा साल जंगल की ओर चला गया है, जहां उसके डेरा जमाने की जानकारी मिली है। वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त सलाह दी गई है।