Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में विधायक समीर मोहंती का औचक निरीक्षण, केएनजे स्कूल में बच्चों संग जमीन पर बैठकर खाया मिड-डे मील

Spread the love

चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह) :
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती ने बुधवार को चाकुलिया प्रखंड कार्यालय के समीप सुगनीबासा में संचालित केएनजे स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय की शैक्षणिक और व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने सादगी का परिचय देते हुए स्कूल के बच्चों के साथ जमीन पर कतार में बैठकर मिड-डे मील ग्रहण किया। उन्होंने बच्चों से बातचीत भी की और भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। मिड-डे मील की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए विधायक ने कहा कि बच्चों को परोसा जा रहा भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप है।

Advertisement

निरीक्षण के क्रम में शिक्षकों ने विधायक को बताया कि विद्यालय में पहली से आठवीं कक्षा तक कुल 164 विद्यार्थी नामांकित हैं, लेकिन उनके बैठने के लिए पर्याप्त बेंच और डेस्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे बच्चों को पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिक्षकों ने यह भी अवगत कराया कि स्कूल का संचालन दो अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण प्रबंधन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित होता है और बच्चों को भी असुविधा झेलनी पड़ती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक समीर मोहंती ने मौके पर ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को फोन कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि केएनजे स्कूल परिसर में संचालित मॉडल स्कूल को सुगनीबासा स्थानांतरित किया जाए और सुगनीबासा की कक्षाओं को केएनजे परिसर में शिफ्ट किया जाए, ताकि विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

निरीक्षण के समापन पर विधायक ने स्कूल के बच्चों के बीच मिठाई का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों में विधायक की इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय, अध्यक्ष शिवचरण हांसदा, साहेबराम मांडी, विशाल बारिक, गणेश दत्त, राहुल महतो, झंटू भोल, मिथुन कर समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।