बहरागोड़ा। संवाददाता
सीपीआई(एम) पार्टी के बहरागोड़ा अंचल सचिव चितरंजन महतो का गुरुवार सुबह हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे बहरागोड़ा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में घोषित किए गए मृत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी बहरागोड़ा लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
advertisment

अस्पताल परिसर में जुटे नेता व समर्थक
निधन की सूचना मिलते ही सीएचसी परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों की भीड़ जुट गई। सभी ने दिवंगत नेता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
गरीबों और मजदूरों के लिए समर्पित रहा जीवन
चितरंजन महतो को एक मिलनसार, सरल स्वभाव और संघर्षशील नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, मजदूरों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके निधन से विशेषकर मजदूर वर्ग और वंचित तबके को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अपने पीछे वे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
महुलछुई गांव में होगा अंतिम संस्कार
दिवंगत चितरंजन महतो का अंतिम संस्कार पुरानापानी पंचायत अंतर्गत महुलछुई गांव में किया जाएगा।