बहरागोड़ा। संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़कों की बदहाली अब आम जनजीवन के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। कई गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कें वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
झाटियाशोल से मानखंड़ा चौक तक की सड़क बदहाल
बहरागोड़ा के झाटियाशोल से मानखंड़ा चौक होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) को जोड़ने वाली सड़क पिछले कई वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही है। इस सड़क से मधुआबेड़ा, गोहालडीही, चडकमारा, शिकारीशाई और डिंगाशाई सहित कई गांव जुड़े हुए हैं, जहां के सैकड़ों ग्रामीण प्रतिदिन इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं।

पैदल चलना भी मुश्किल, दुर्घटनाओं का खतरा
सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है। जगह-जगह गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण आए दिन बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चलाना इस मार्ग पर जोखिम भरा साबित हो रहा है।
advertisment

छात्रों और ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी
इस सड़क से होकर विद्यालय जाने वाले छात्रों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। साइकिल से स्कूल पहुंचना उनके लिए चुनौती बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
वर्षों से मरम्मत की मांग, पहल नदारद
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में से एक है और इसकी मरम्मत की मांग वे पिछले कई वर्षों से कर रहे हैं। बावजूद इसके अब तक सड़क सुधार की दिशा में कोई प्रभावी पहल नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र सड़क मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों, छात्रों और राहगीरों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।