Responsive Menu
Add more content here...

बारिश में एनएच–झाटियाशोल सड़क बदहाल, कीचड़ और गड्ढों से आवागमन ठप जैसा हाल

Spread the love

बहरागोड़ा: प्रखंड क्षेत्र में एनएच से मानखंदा होते हुए झाटियाशोल और चौरंगी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बारिश के बाद बेहद जर्जर हो गई है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल भरा हो गया है।

यह सड़क मधुआबेड़ा, गोहालडीही, चडकमारा, शिकारीशाई, डिंगाशाई, मानखंदा और झाटियाशोल समेत कई गांवों को जोड़ती है। बड़ी आबादी इसी मार्ग पर निर्भर है, लेकिन खराब हालत के कारण लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या बढ़ गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। दोपहिया वाहन और साइकिल चालक अक्सर फिसल जाते हैं।

सड़क की खराब स्थिति का असर लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर साफ दिख रहा है। किसानों को सब्जियां बाजार तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है, वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन गया है। छात्रों को स्कूल पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लग रहा है।

करीब 5 किलोमीटर की दूरी तय करने में 20 मिनट या उससे अधिक समय लग रहा है, क्योंकि गड्ढों के कारण वाहन धीरे-धीरे चलने को मजबूर हैं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही खराब होने लगी थी। अब स्थिति यह है कि सड़क पर डामर तक नजर नहीं आता। लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।