Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: सड़क पर है तालाबनुमा गड्ढों की भरमार, सावन में कावड़िया कैसे जाएंगे चित्रेश्वर बाबा के द्वार

Spread the love

बहरागोड़ा: सावन का पावन महीना शुरू हो गया है। सावन में बहरागोड़ा प्रखंड की बहुलिया पंचायत स्थित चित्रेश्वर के पौराणिक शिव मंदिर में तीन राज्य के श्रद्धालु भगवान शंकर को जलाभिषेक करने के लिए उमड़ेंगे। हजारों कावड़िया भी यहां जलाभिषेक करने आते हैं। मगर मंदिर जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील है। ऐसे में श्रद्धालुओं को बाबा के मंदिर तक जाने में सड़क पर स्थित तालाब नुमा गड्ढों को पार करना पड़ेगा। इसको लेकर पूर्व विधायक सह झामुमो के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने मंत्री दीपिका पांडे सिंह और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ट्वीट किया है। पूर्व विधायक ने इस सड़क की मरम्मत की मांग की है।
बंगाल के मदनशोल चौक से मंदिर तक जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील है। वहीं पश्चिम बंगाल से मंदिर तक आने वाली सड़क गेटीटोला से बदहाल है। ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं को इन दोनों जर्जर सड़कों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सावन के मद्देनजर इन दोनों सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है। भारी बारिश होने से सड़क पर उभरे गड्ढों में पानी भर गया है।
जानकारी हो कि चित्रेश्वर का पौराणिक शिव मंदिर झारखंड पश्चिम बंगाल और ओडिशा के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वैसे तो इस मंदिर में पूजा अर्चना के लिए सालों भर श्रद्धालु आते हैं। मगर सावन के महीना में भगवान शंकर को जलाभिषेक करने के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। तीनों राज्य से कावड़िया यहां आते हैं। परंतु मंदिर तक जाने वाली दोनों सड़कें पिछले कई वर्षों से बदहाल हैं। मदनशोल चौक से करीब एक किलोमीटर और गेटीटोला से करीब डेढ़ किलोमीटर मंदिर तक आने वाली सड़क की मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं हुई है।