Responsive Menu
Add more content here...

नव वर्ष पर मेरुघाटी पिकनिक स्पॉट में उमड़ी सैलानियों की भारी भीड़

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता
नव वर्ष के अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के बनकाटा पंचायत अंतर्गत सुवर्णरेखा नदी तट पर स्थित प्रसिद्ध मेरुघाटी पिकनिक स्पॉट गुरुवार को सैलानियों से खचाखच भरा नजर आया। नव वर्ष का जश्न मनाने के लिए आसपास के इलाकों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और ओड़िशा से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे।

नदी, पहाड़ और हरियाली से घिरे मेरुघाटी पिकनिक स्थल पर दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। परिवार, युवा और मित्र समूहों ने पिकनिक मनाकर नव वर्ष का स्वागत किया और प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद उठाया।

advertisment

सुरक्षा की दृष्टि से बहरागोड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पिकनिक स्पॉट और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती रही। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा स्वयं दल-बल के साथ मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

हालांकि, पिकनिक मनाने पहुंचे सैलानियों और स्थानीय लोगों को पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि यदि सरकार की ओर से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, तो यह स्थान एक बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुवर्णरेखा नदी के उस पार ओड़िशा सरकार द्वारा सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने से वहां के लोग पर्यटन से लाभान्वित हो रहे हैं, जबकि झारखंड क्षेत्र में कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इसके चलते कई लोग दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों और सैलानियों ने सरकार से मेरुघाटी पिकनिक स्पॉट को विकसित करने, पेयजल, शौचालय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिल सके।