रांची।
खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत राज्य सरकार द्वारा धान खरीद का काम तेजी से चल रहा है। खरीद शुरू होने के तीसरे दिन ही सरकार ने किसानों को भुगतान देना शुरू कर दिया है। बुधवार को राज्य के 20 जिलों के 153 किसानों के बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 11 लाख 27 हजार 820 रुपये सीधे भेजे गए।
सीधे खाते में आया भुगतान
सरकार की ओर से बताया गया कि जिन किसानों ने सरकारी केंद्रों पर धान बेचा है, उन्हें पैसा सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होती है और किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है।
15 दिसंबर से शुरू हुई धान खरीद
राज्य में 15 दिसंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू की गई थी। इससे पहले किसानों से कहा गया था कि धान बेचने के बाद 48 घंटे से 7 दिनों के भीतर पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। तीसरे दिन भुगतान शुरू होना सरकार की ओर से इसी वादे को पूरा करने की दिशा में कदम माना जा रहा है।
चार जिलों में भुगतान अभी बाकी
हालांकि, फिलहाल गढ़वा, गिरिडीह, खूंटी और सिमडेगा जिलों के किसानों को अभी भुगतान नहीं मिल पाया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में भुगतान की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
तीन दिन में 1.14 लाख क्विंटल धान की खरीद
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पहले तीन दिनों में 2055 किसानों से करीब 1.14 लाख क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत 2450 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जा रहा है।
ढाई लाख से ज्यादा किसानों ने कराया पंजीकरण
धान बेचने के लिए अब तक पूरे राज्य से 2 लाख 52 हजार 493 किसानों ने पंजीकरण कराया है। कृषि विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में धान खरीद और भुगतान—दोनों की रफ्तार और बढ़ाई जाएगी।