घोड़ाबांधा, पूर्वी सिंहभूम | अपडेटेड: 3 अगस्त 2025
झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर जहां पूरे राज्य में चिंता का माहौल है, वहीं उनके पैतृक गांव घोड़ाबांधा में ग्रामीणों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के लिए जाहेरथान में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया।
इस पूजा में ग्रामीणों ने पारंपरिक संताल रीति-रिवाज के अनुसार मारंग बुरु, जाहेर आयो, लिटा गोंसाई, मोड़े को तुरुय से प्राथना की कि मंत्री रामदास सोरेन जल्द ही पूर्व की तरह स्वस्थ होकर लौटें।
ग्राम प्रमुखों और बुजुर्गों ने लिया हिस्सा
पूजा-अर्चना कार्यक्रम में गाँव के बुद्धिजीवी वर्ग, माझी बाबा, नायके, वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने भाग लिया। बता दें कि श्री रामदास सोरेन स्वयं भी घोड़ाबांधा के माझी बाबा और नायके रह चुके हैं, इसलिए गांववासियों से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।
सामूहिक संकल्प: “रामदास सोरेन स्वस्थ होकर लौटें”
पूरे गांव में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों और युवाओं ने एकजुट होकर मंत्री के स्वास्थ्य लाभ के लिए पारंपरिक तरीके से सामूहिक प्रार्थना की। ग्रामीणों का कहना है कि वे हर दिन उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करेंगे।