Responsive Menu
Add more content here...

गिरिडीह में पेड़ से झूलते मिले युवक-युवती के शव, इलाके में सनसनी

Spread the love

गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना अंतर्गत हरलाडीह ओपी क्षेत्र के ग्राम कुंडको में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके हुए देखा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर हरलाडीह ओपी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। मृत युवक की पहचान गिरिडीह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पचरुखी निवासी इमामुल हांसदा (25) के रूप में हुई है। जबकि युवती की पहचान ग्राम कुंडको गांव निवासी के रुप में हुई है। युवती विवाहित बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरु की जांच
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह कुछ लोग खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने एक पेड़ से युवक-युवती के शव लटके देखे। इसके बाद पूरे गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई और लोग मौके पर उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और संभवतः पारिवारिक या सामाजिक दबाव के चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स खंगालने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मोबाइल फोन समेत अन्य वस्तुएं जब्त कर ली गई हैं। घटना को लेकर गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच सामने आ सके।