Responsive Menu
Add more content here...

बर्मामाइंस में वेल्डिंग दुकान में सिलेंडर फटा, मजदूर गंभीर रूप से झुलसा

Spread the love

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मिल एरिया में शुक्रवार को एक वेल्डिंग दुकान में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के समय दुकान में वेल्डिंग का काम कर रहा मजदूर अलाउद्दीन गंभीर रूप से झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। अलाउद्दीन धमाके के बाद घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम उसकी निगरानी में तैनात है। अलाउद्दीन काफी समय से उक्त दुकान में वेल्डिंग का काम कर रहा था।
ट्रक भी क्षतिग्रस्त
धमाके से दुकान के पास खड़ा एक ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक का बोनट और विंडशील्ड पूरी तरह टूट गए, जबकि आसपास खड़े कई दोपहिया वाहन भी प्रभावित हुए। दुकान की दीवारों में दरारें आ गईं और छत का एक हिस्सा ढह गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि वेल्डिंग दुकान में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। सिलेंडर की न तो समय-समय पर जांच की गई थी और न ही वेल्डिंग कार्य के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग किया जा रहा था। इससे सिलेंडर में लीकेज की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहा है कि बिना सुरक्षा के ऐसी दुकानें चलाना आम लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है। पुलिस ने दुकान मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।