बहरागोड़ा, पूर्वी सिंहभूम संवाददाता (निलेश बेरा)
जगन्नाथ महाप्रभु, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की घूरती रथ यात्रा को लेकर पांचरुलिया गांव की मौसी बाड़ी में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। यह आयोजन शुक्रवार को सुबह से देर रात तक श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
🔸 भक्तों की भारी भीड़, बारिश भी न रोक सकी श्रद्धा
पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को महाआरती और भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें महिला, पुरुष, बच्चे – सभी ने हिस्सा लिया। रात्रि भंडारे में श्रद्धालु बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे।
🔸 पुजारी शंकर प्रसाद कर की अगुवाई में पूजा
पूरे आयोजन का संचालन पुजारी शंकर प्रसाद कर के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने विशेष मंत्रोच्चार और विधिवत महाआरती कर भगवान को भोग अर्पित किया। खास पकवानों से सजा भोग भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
🔸 शनिवार को घूरती रथ यात्रा का आयोजन
जानकारी के अनुसार, शनिवार को घूरती रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा 7 दिनों बाद मौसी बाड़ी से अपने मूल मंदिर श्री मंदिर लौटेंगे। यह रथयात्रा भी भक्तों के बीच उत्सव का रूप ले चुकी है।
स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को परंपरा और आस्था का प्रतीक बताया, और इसे पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक धरोहर के रूप में देखा जा रहा है।
