चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) — पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत में मंगलवार को पारंपरिक गोटाशिला पहाड़ पूजा धूमधाम से संपन्न हुई। वर्षों पुरानी इस परंपरा के तहत क्षेत्र के चालीस मौजा के ग्रामीण हर वर्ष इस दिन गोटाशिला बाबा की पूजा कर अच्छी बारिश, फसल की समृद्धि और गांव की खुशहाली की कामना करते हैं।
इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा में – शामिल होने पहुंचे। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं ने गंगा से लगभग दो किलोमीटर की पैदल यात्रा की। पूजा के दौरान गोटाशिला पहाड़ आस्था का केंद्र बना रहा। पुजारी सुदेव चंद्र घोषाल, सुमंत घोषाल, विश्वजीत घोषाल, इंद्रजीत घोषाल और श्यामल घोषाल ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा अर्चना कराई।

पूजा में न केवल झारखंड बल्कि पड़ोसी राज्यों—पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी श्रद्धालु पहुंचे। गंगा के किनारे मेले का आयोजन भी किया गया, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक खानपान और लोककलाओं का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती रही।
शाम के समय घाघरा गांव में “डांस धमाका” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठाया। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले विजयी प्रतिभागियों को बुधवार सुबह कमेटी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

पूरे आयोजन को सफल बनाने में पंचायत के मुखिया जादू हेंब्रम, माटियाबांधी के ग्राम प्रधान मनिंद्र नाथ महतो, दुखु मुर्मू, रामसाय मांडी, फागू किस्कू, सालखान मुर्मू, ठाकुर दास हेंब्रम, गोरा लाल सोरेन, रामराय किस्कू, और जगत किस्कू सहित कई ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।