Responsive Menu
Add more content here...

इंडिगो यात्रियों की मदद के लिए रेलवे की पहल: कई स्पेशल ट्रेनें दौड़ाई जाएंगी

Spread the love

अबुआ ख़बर डेस्क : देशभर में इंडिगो एयरलाइन के संचालन संकट के बीच यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से कई उड़ानें रद्द होने की वजह से यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। इसी समस्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए तुरंत कदम उठाया है और कई स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।

सूत्रों के अनुसार अब तक इंडिगो एयरलाइन की लगभग 4500 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। पटना, रांची और अन्य प्रमुख शहरों से भी कई फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं। इससे यात्रियों को नौकरी, इंटरव्यू और विदेश यात्रा जैसी योजनाओं में बाधा का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही टिकट राशि की वापसी और लगेज फंसने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पटना और दरभंगा से कई स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।

  • पटना – आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली)
    • 02309/02310: 10, 12, 14 दिसंबर
    • 02395/02396: 9, 11, 13 दिसंबर
  • दरभंगा – आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली)
    • 05563/05564: 10, 11, 13, 14 दिसंबर
    • 05565/05566: 9, 12 दिसंबर

रेलवे ने यह भी घोषणा की कि दुर्गापुरा (जयपुर) से बांद्रा टर्मिनस और हिसार से खड़की के बीच विशेष ट्रेन सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह कदम उन यात्रियों के लिए राहत है जिनकी फ्लाइट्स अचानक रद्द हो गई थीं और जिन्हें तत्काल यात्रा की आवश्यकता है।

भारतीय रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मौजूदा बड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़ना शुरू कर दिया है। उदाहरण के लिए, 12309 राजेंद्र नगर–दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस में स्थायी रूप से एक अतिरिक्त फर्स्ट AC कोच जोड़ा गया है।

सूत्रों के अनुसार रेलवे भविष्य में मुंबई से दिल्ली, भिवानी और अहमदाबाद से दिल्ली के लिए और भी स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।