Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: सांसद बिद्युत बारन महतो ने भूइयांडीह अतिक्रमण मामले पर उपायुक्त से की मुलाकात, पुनर्वास की उठाई मांग

Spread the love

जमशेदपुर: भूइयांडीह में हाल ही में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ने के बीच, सांसद बिद्युत बारन महतो ने शनिवार को उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम से मुलाकात कर पूरे मामले पर विस्तृत बातचीत की। मुलाकात के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा समेत कई नेता भी मौजूद रहे।

सांसद महतो ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा कि भूइयांडीह के स्थानीय लोग सड़क निर्माण के लिए पूरी तरह सहमत थे और पहले यह आश्वासन दिया गया था कि निर्माण से पहले क्षेत्र का डीमार्केशन किया जाएगा। लेकिन बिना सीमांकन और बिना किसी पूर्व सूचना के घरों को ढहा दिया गया, जिससे गरीब परिवारों को भारी संकट का सामना करना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रशासन लोगों को पहले से जानकारी दे देता, तो वे खुद ही चिन्हित जगह से अतिक्रमण हटा लेते। इसके बावजूद जुस्को और अंचल प्रशासन द्वारा अचानक अभियान चलाया गया, जिससे कई परिवार बेघर हो गए। महतो ने मांग की कि प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल पुनर्वास की व्यवस्था की जाए और उनके भोजन एवं आवास की जिम्मेदारी जिला प्रशासन ले।

सांसद ने यह भी कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए स्पष्ट और समान नीति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन कार्रवाई अक्सर गरीब वर्ग की झोपड़ियों तक सीमित रह जाती है, जो न्यायसंगत नहीं है।

उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि हटाए गए सभी परिवारों की सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासन वस्तुस्थिति की समीक्षा कर उचित राहत एवं पुनर्वास के कदम उठा सके।

मुलाकात के दौरान रामबाबू तिवारी, राजीव कुमार सिंह, बबुआ सिंह, लिली दास सहित कई नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।