जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध खनन और खनिज परिवहन पर नकेल कसते हुए शुक्रवार को सघन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने सिदगोड़ा और बिरसानगर थाना क्षेत्रों में औचक छापेमारी की, जिसके दौरान बालू की अवैध ढुलाई में शामिल तीन वाहनों को जब्त किया गया।
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में टीम ने एक वाहन को अवैध रूप से बालू ले जाते पकड़ा। JH05CF–2883 नंबर वाले इस वाहन को जब्त कर पुलिस थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
वहीं, बिरसानगर थाना क्षेत्र में दो और वाहन अवैध परिवहन में संलिप्त पाए गए। इनमें एक वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH05AX–9136 है, जबकि दूसरा महिंद्रा 475 DI (लाल रंग) ट्रैक्टर था। दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर थाना में सुरक्षित जमा कर दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों, संचालकों और वाहन मालिकों पर बिना किसी रियायत के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।