चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह): झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्प्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) की ओर से रविवार को तीसरे चरण के आंदोलन के तहत चाकुलिया में विधायक समीर कुमार मोहंती को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन फेडरेशन की प्रांतीय समिति के निर्देशानुसार सौंपा गया, जिसमें राज्य सरकार से कर्मचारी हित में कई आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने रखी अपनी मांगें
विधायक आवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में झारोटेफ पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी के संयुक्त सचिव कमल पड़िहारी, कोषाध्यक्ष कार्तिक चंद्र गोप, वरीय उपाध्यक्ष देवाशीष दे, धालभूमगढ़ प्रखंड अध्यक्ष अंबिका दास, चाकुलिया प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिंह, सहित राकेश बारीक, रंचन बेरा, सव्यसाची पात्र, मुरारी सिंह, जयदेव महतो, विनय दास और कृष्णपदो महतो शामिल थे।
ये रहीं प्रमुख मांगें
झारोटेफ ने ज्ञापन में जिन प्रमुख मांगों को उठाया, उनमें शामिल हैं:
अन्य राज्यों की तर्ज पर शिक्षक संवर्ग को एमएसीपी (वेतन प्रोन्नति) का लाभ देना
राज्यकर्मियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने की मांग
शिशु शिक्षण भत्ता की सुविधा केंद्रीय कर्मियों की तर्ज पर राज्य कर्मियों को भी प्रदान करना
एनपीएस में जमा राशि को कर्मचारियों को वापस दिलाने हेतु ठोस कदम
राज्य प्रशासनिक सेवा की सीमित प्रतियोगिता परीक्षा में सभी राज्य कर्मियों को शामिल करने की अनुमति
जनसेवक, वनकर्मी, विद्युत कर्मियों आदि के सेवा नियमों में हुए गैर-लाभकारी संशोधन वापस लेना
ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थापित कर्मचारियों को परिवहन भत्ता का लाभ देना
300 दिनों से अधिक अर्जित अवकाश के उपभोग की स्वीकृति
सभी विभागों के लिपिक संवर्ग के लिए समान सेवा नियमावली
योग्य चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को लिपिकीय पदों पर नियमित प्रोन्नति
संविदा और आउटसोर्सिंग बहाली की परंपरा को समाप्त करना
विधायक ने दिया आश्वासन
विधायक समीर मोहंती ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि वे इन मांगों को संबंधित विभागों और राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मियों की भूमिका विकास के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होना चाहिए।