चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कुचियाशोली स्थित झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (J.L.K.M.) के कार्यालय में मंगलवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरे शोक के साथ श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
सभा में पार्टी के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष शंखदीप महतो, प्रखंड अध्यक्ष सुफल महतो, जिला सदस्य अनिर्बान सिंह राय, असित महतो, ज्योतिर्मय महतो, कुंज बिहारी, रखित सिंह, स्वपन महतो, धनंजय महतो, गुरु चरण महतो, विष्णु शंकर महतो, सौरव राणा, अरुण पातर और ऋत्विक महतो समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।
शंखदीप महतो ने कहा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड के गौरव थे। उनका जीवन संघर्ष, बलिदान और सामाजिक न्याय के लिए समर्पण का प्रतीक था। हम सब उनके सिद्धांतों और विचारों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे।”
सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने झारखंड आंदोलन के इस महानायक की स्मृति को अक्षुण्ण रखने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।