दोनों आरोपी पहले भी अवैध शराब कारोबार में जा चुके हैं जेल, पुलिस ने भेजा न्यायिक हिरासत में
जमशेदपुर। संवाददाता
जमशेदपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कदमा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो युवकों को देशी कट्टा और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और ये पूर्व में अवैध शराब कारोबार के मामले में जेल जा चुके हैं।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो युवक स्वर्णरेखा नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में कदमा थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई।
आरोपी भेजे गए जेल
सिटी एसपी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार युवक आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।