बहरागोड़ा:
कोल्हान विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट (पुरुष एवं महिला) 2025 का समापन बहरागोड़ा में रोमांचक मुकाबलों और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिन खेले गए फाइनल और स्थान निर्धारण मुकाबलों में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
advertisment

महिला वर्ग के मुकाबले:
महिला वर्ग में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में एल.बी.एस.एम. कॉलेज, जमशेदपुर ने जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज को 2–1 गोल से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में घाटशिला कॉलेज, घाटशिला और टाटा कॉलेज, चाईबासा आमने-सामने रहे, जिसमें घाटशिला कॉलेज ने शानदार खेल दिखाते हुए 2–0 से जीत दर्ज कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। टाटा कॉलेज, चाईबासा उपविजेता रहा।
पुरुष वर्ग में रहा रोमांच:
पुरुष वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में टाटा कॉलेज, चाईबासा ने डिग्री कॉलेज, मझगांव को 2–0 से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं फाइनल मुकाबला कोल्हान विश्वविद्यालय पी.जी. विभाग, चाईबासा और एल.बी.एस.एम. कॉलेज, जमशेदपुर के बीच बेहद रोमांचक रहा। कड़े मुकाबले में कोल्हान विश्वविद्यालय पी.जी. विभाग ने 5–4 गोल से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह और सम्मान:
समापन समारोह में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए बहरागोड़ा कॉलेज के आयोजकों की सराहना की और कोल्हान विश्वविद्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा की धरती खेल प्रतिभाओं के लिए हमेशा उर्वर रही है।
इस अवसर पर पुरुष एवं महिला वर्ग की चैंपियन, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही श्रेष्ठ फॉरवर्ड, श्रेष्ठ गोलकीपर, श्रेष्ठ डिफेंडर, प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को मेमेंटो व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य, क्रीड़ा प्रभारी और प्राध्यापकों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
दर्शकों की रही भारी मौजूदगी:
टूर्नामेंट के अंतिम दिन बहरागोड़ा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। उनकी उत्साहपूर्ण मौजूदगी से पूरे आयोजन का माहौल यादगार और ऊर्जा से भरपूर बना रहा।