Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा: 200 KM की यात्रा के बाद भी महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, टूर्नामेंट का दूसरा दिन रहा खास

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता
कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट (पुरुष/महिला) 2025 के दूसरे दिन बहरागोड़ा स्थित बिनापानी स्टेडियम में जबरदस्त रोमांच और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। रविवार को खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

दूसरे दिन का पहला मैच महिला वर्ग में महिला कॉलेज चाईबासा और टाटा कॉलेज चाईबासा के बीच खेला गया। लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय कर पहुँची दोनों टीमों ने मैदान पर अनुशासन, ऊर्जा और खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुकाबले में टाटा कॉलेज चाईबासा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 3–0 गोल से जीत दर्ज की। लंबी यात्रा के बावजूद महिला खिलाड़ियों के जोश और प्रदर्शन की दर्शकों ने खूब सराहना की।

Advertisement

दिन का दूसरा मुकाबला पुरुष वर्ग में के.एस. कॉलेज सरायकेला और करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः के.एस. कॉलेज सरायकेला ने 2–1 गोल से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

तीसरा और अंतिम मुकाबला जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज और सिंहभूम कॉलेज चांडिल के बीच खेला गया। इस मैच में जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए 4–0 गोल से एकतरफा जीत हासिल की।

Advertisement

टूर्नामेंट के आयोजक बहरागोड़ा कॉलेज द्वारा दूर-दराज़ से आने वाली टीमों के लिए आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही रेफरी टीम के लिए भी कॉलेज प्रशासन द्वारा आवास की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरे टूर्नामेंट का संचालन अनुशासन और निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है।

बी.एड. एवं स्नातक (यू.जी.) के स्वयंसेवक छात्र-छात्राएँ खिलाड़ियों, रेफरी और अधिकारियों की सहायता, समन्वय तथा व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बहरागोड़ा कॉलेज के शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर मैचों का आनंद ले रहे हैं।

टूर्नामेंट का दूसरा दिन खेल भावना, अनुशासन और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रोमांचक मुकाबलों के बाद आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में और भी अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है।