सदन में उठाया महिलाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने विधानसभा में मैया सम्मान योजना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
50 वर्ष की आयु के बाद हट जाता है नाम
विधायक ने बताया कि मैया सम्मान योजना के अंतर्गत राज्य की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है। लेकिन कई मामलों में 50 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही लाभुक महिलाओं का नाम स्वतः योजना से हटा दिया जाता है, जिसके कारण उन्हें आर्थिक असुरक्षा और परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पेंशन योजना से स्वतः जोड़ने की मांग
उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग की कि 50 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद इन महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की पेंशन योजना से स्वतः जोड़ने की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें लगातार आर्थिक सहयोग मिलता रहे और उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
हजारों महिलाओं को मिलेगा लाभ
विधायक ने कहा कि यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो राज्य की हजारों माताओं और बहनों को इसका लाभ मिलेगा। इससे उनके जीवन-यापन में सहूलियत होगी और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षा मिल सकेगी।