बहरागोड़ा। संवाददाता
अपहरण मामले में पुलिस को मिली सफलता
अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई को लेकर बहरागोड़ा थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए न केवल मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है, बल्कि अपहृत पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पश्चिम बंगाल से आरोपी की गिरफ्तारी
बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 10/26 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सागर दंडपाट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नयाग्राम थाना अंतर्गत बारडीगा गांव का निवासी है। गुप्त सूचना और तकनीकी सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापा मारकर उसे दबोच लिया।
नाबालिग के अपहरण का दर्ज हुआ था मामला
घटना के संबंध में थाना क्षेत्र के कशाफलिया गांव निवासी सुरेश पात्र ने थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
आरोपी को न्यायालय भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी सागर दंडपाट का मेडिकल जांच कराया और उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। वहीं बरामद की गई पीड़िता को पुलिस संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।