Responsive Menu
Add more content here...

पारुलिया पंचायत भवन में पंचायत ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का शुभारंभ, मुखिया सुपर्णा सिंह ने किया उद्घाटन

Spread the love

बहरागोड़ा, झारखंड संवाददाता (निलेश बेरा) बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के पारुलिया पंचायत भवन में मंगलवार को शिक्षा और ज्ञानवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पंचायत भवन परिसर में पंचायत ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) का विधिवत उद्घाटन पंचायत की मुखिया सुपर्णा सिंह ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन अवसर पर मुखिया सुपर्णा सिंह ने इस प्रयास को ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा, “ज्ञान केंद्र की स्थापना से न सिर्फ छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में मदद मिलेगी, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।”

इस ज्ञान केंद्र में शैक्षणिक, साहित्यिक, धार्मिक और समसामयिक विषयों से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। बच्चों के लिए पाठ्यपुस्तकों से लेकर युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी से संबंधित सामग्री और वयस्कों के लिए विविध पत्रिकाएं व मैगजीन पढ़ने की सुविधा दी गई है।

पठन-पाठन के लिए एक शांत और अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जहां छात्र-छात्राएं बिना किसी शुल्क के अध्ययन कर सकते हैं। मुखिया ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे जिन पुस्तकों की उन्हें अब आवश्यकता नहीं है, वे इस केंद्र को दान करें ताकि अन्य लोग भी उसका लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर वार्ड सदस्य सपना साहू, सुबल दे, कबी ठाकुर, सौरभ मिश्रा सहित कई ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।