रांची | संवाददाता
रांची पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से 1.16 किलोग्राम ब्राउन शुगर और ₹2.76 लाख नकद बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिस्ता प्रवीण उर्फ सेजल गुप्ता, उसके पिता मो. सरवर, बहन मुस्कान उर्फ सागुफ्ता प्रवीण और बहनोई मो. राजू के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि ये सभी बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर की खेप रांची लाकर विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया करते थे।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से नशे की अवैध तस्करी में सक्रिय था और इसकी सप्लाई चेन कई जिलों में फैली हुई थी। फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य सहयोगियों की भी तलाश में जुटी है।