रांची, 28 जुलाई 2025
राजधानी रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न जिलों से आए दर्जनों लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं। कुल 57 से अधिक आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें जमीन विवाद और मईया सम्मान योजना से संबंधित मामले सबसे प्रमुख रहे।
बरही से आए फरियादी को मिला त्वरित न्याय का आश्वासन
जनता दरबार में बरही से पहुंचे एक व्यक्ति ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे की गंभीर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि एक संगठित गिरोह लगातार उनकी जमीन पर कब्जा कर रहा है और वहां जानबूझकर धार्मिक ढांचा खड़ा कर विवाद की स्थिति बनाई जा रही है।
इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने हजारीबाग के उपायुक्त से तत्काल फोन पर बात की और मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मईया योजना से वंचित महिला को भी मिला समाधान
इसी दरबार में रांची से पहुंची एक महिला ने शिकायत की कि वह शुरू से ही मईया सम्मान योजना का लाभ नहीं पा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द महिला को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जनता दरबार का मकसद है सीधा संवाद: मंत्री दीपिका पांडे सिंह
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य है कि आम जनता बिना किसी दलाल या मध्यस्थ के सीधे सरकार से संवाद कर सके और उन्हें उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के हर जिले के नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।