Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में अबुआ आवास योजना के तहत लाभुकों को मिला नए घर का तोहफा, विधायक समीर मोहंती ने सौंपी चाबियाँ

Spread the love

चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया नगर पंचायत अंतर्गत नया बाजार स्थित केदारनाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय के महावीर व्यायामशाला परिसर में सोमवार को अबुआ आवास योजना के तहत सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर 14 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए घरों की चाबियाँ और उपहार भेंट किए गए।

कार्यक्रम का उद्घाटन बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती और उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

अबुआ आवास से गरीबों को मिला सम्मानजनक जीवन: विधायक

मुख्य अतिथि समीर मोहंती ने कहा कि अबुआ आवास योजना झारखंड सरकार की एक क्रांतिकारी पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को स्थायी और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिला मानधन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, फुलो झानो आशीर्वाद योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।

समयसीमा में पूरा करें निर्माण: डीडीसी की अपील

इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने लाभुकों से अपील की कि वे आवंटित घरों का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करें ताकि सरकार की ओर से मिलने वाले प्रोत्साहन और अन्य सुविधाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि चाकुलिया प्रखंड में करीब 4000 आवासों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने लाभुकों से हर घर नल योजना, शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी जुड़ने की अपील की।

अन्य उपस्थित गणमान्य

कार्यक्रम में बीडीओ आरती मुंडा, प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, मुखिया जादू नाथ हेंब्रम, मंजू टुडू, शिवचरण हांसदा, दानगी सोरेन, फुलमनी मुर्मू, जिला आवास समन्वयक सुमन मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि गौतम दास, और कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।