Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: साकची में स्कॉर्पियो और वर्ना की भीषण टक्कर, दोनों कारें जलकर राख

Spread the love

जमशेदपुर | संवाददाता

साकची थाना क्षेत्र के नागरमाल, होटल दयाल के पास सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो और वर्ना कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही पलों में कारें पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं।

हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। खबर मिलते ही साकची थाना की टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।

सूत्रों के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे के आसपास हुई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टक्कर कैसे हुई और वाहनों में आग लगने की वजह क्या रही। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में किसी गंभीर हताहत की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने वाहनों के मालिकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

फिलहाल पूरा मामला साकची थाना पुलिस की जांच के दायरे में है।