चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर सोमवार देर रात एक बड़ी दुर्घटना टल गई। जोड़िशा गांव के निकट तेज रफ्तार में जा रही बोलेरो (संख्या: JH 05 CV 8706) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी।
सूत्रों के अनुसार, बोलेरो में छह युवक सवार थे, जो जादूगोड़ा से चाकुलिया एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक हाईवा को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बोलेरो सीधे सड़क किनारे खेत की ओर जाकर रुक गई।
संयोग से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद सभी युवक सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। हालांकि, स्थिति सामान्य होने पर यातायात को फिर से बहाल कर दिया गया।