चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) | 29 जुलाई 2025 — चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोड़िशा गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार खेत जोतते समय ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिससे चालक वरुण नायक उर्फ पुटू (निवासी – भातकुंडा) ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चार घंटे तक कीचड़ में दबा रहा चालक, जेसीबी की मदद से निकाला गया शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा खेत में अत्यधिक कीचड़ होने के कारण हुआ, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और वरुण उसमें फंस गया। ग्रामीणों ने जब चालक को ट्रैक्टर के नीचे दबा देखा तो तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जेसीबी मंगवाकर ट्रैक्टर को हटवाया गया। तब जाकर वरुण के शव को बाहर निकाला गया, जिसे तुरंत टेंपो से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

खेती के लिए ले गया था ट्रैक्टर
हादसे को लेकर प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भालुकबिंदा गांव निवासी परिमल महतो का ट्रैक्टर वरुण नायक खेत जोतने के लिए जोड़िशा गांव ले गया था। खेत में अत्यधिक कीचड़ होने की वजह से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ा और वह उलट गया। वरुण नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि घटना के बाद वरुण का एक पैर और हाथ कीचड़ से बाहर दिखाई दे रहे थे, जबकि उसका पूरा शरीर ट्रैक्टर के नीचे दबा हुआ था।
ग्रामीणों में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सभी ने इस दर्दनाक घटना पर शोक जताया और प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। घटना ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरी पीड़ा और शोक की भावना पैदा कर दी है।