जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में हुई चैन छिनतई की घटना का जमशेदपुर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया चैन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की रात जुबली पार्क रोड स्थित रौनक फूड कॉर्नर के समीप चंदना दास नामक महिला से बाइक सवार अपराधियों ने चैन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर साकची थाना में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने राहुल गोप उर्फ बल्ले और आमीर सरफराज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने राहुल गोप के कब्जे से छीना गया सिटी गोल्ड का चैन बरामद किया, जबकि आमीर सरफराज के घर से घटना में इस्तेमाल की गई हीरो मोटरसाइकिल जब्त की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चैन छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, राहुल गोप उर्फ बल्ले के खिलाफ लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, आमीर सरफराज के विरुद्ध भी लूट के दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में भी जांच कर रही है।