रांची, 28 जुलाई 2025 –
भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री और रांची से भाजपा सांसद संजय सेठ को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धनबाद जिले के हरिहरपुर निवासी नित्यानंद पाल के रूप में हुई है। रांची पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे ट्रैक कर हिरासत में लिया।
यह मामला उस समय सामने आया जब मंत्री संजय सेठ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कश्मीर में आयोजित एक समारोह में भाग ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक ही मोबाइल नंबर से लगातार पांच बार कॉल कर गंभीर जान से मारने की धमकी दी गई। मामला गंभीर होने के चलते संजय सेठ ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और धनबाद से उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी को रांची लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। वहीं, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का मकसद केवल धमकाना था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है।
इस घटना के बाद राज्य में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और मानसिक पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
रांची पुलिस ने आश्वस्त किया है कि आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।