Responsive Menu
Add more content here...

सुजीत सिन्हा गैंग के अपराधियों के साथ मुठभेड़, एक बदमाश को गोली लगी — दो गिरफ्तार, हथियार बरामद

Spread the love

रांची। राजधानी रांची में पुलिस और कुख्यात सुजीत सिन्हा गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक अपराधी को गोली लग गई, जबकि दो को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, हटिया डीएसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घायल अपराधी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश सुजीत सिन्हा गैंग से जुड़े हुए हैं और हाल के दिनों में राजधानी एवं आसपास के इलाकों में रंगदारी और वसूली की घटनाओं में सक्रिय थे।

गौरतलब है कि गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को हाल ही में पलामू जेल से साहिबगंज जेल स्थानांतरित किया गया था, क्योंकि वह जेल के अंदर से ही अपने गिरोह का संचालन करता था। पुलिस को आशंका थी कि सुजीत सिन्हा की गैंग राजधानी में फिर से सक्रिय हो रही है, इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।