बहरागोड़ा। संवाददाता
बम निरोधक दस्ते ने की पुष्टि
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के बोरागाड़िया पंचायत अंतर्गत पानीपड़ा (नागुडसाई) स्थित स्वर्णरेखा नदी में मिली संदिग्ध लोहे की वस्तु को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रांची से पहुंची बम निरोधक दस्ते ने जांच के बाद पुष्टि की है कि यह एक शक्तिशाली “जिंदा बम” है।

सेना ही कर सकती है निष्क्रिय
दस्ते के प्रभारी नंदकिशोर सिंह ने बताया कि बम काफी बड़ा और खतरनाक है, जिसे सामान्य तरीके से निष्क्रिय करना संभव नहीं है। इसके लिए उच्च तकनीकी विशेषज्ञता की जरूरत है, जो केवल भारतीय सेना के पास उपलब्ध है।
इलाके को किया गया सील
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बम मिलने वाले क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है। आसपास के ग्रामीणों को उस स्थान से दूर रहने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
सेना को दी गई सूचना
प्रशासन ने बम को फिलहाल उसी स्थान पर सुरक्षित रखा है और इसे निष्क्रिय करने के लिए भारतीय सेना को सूचित कर दिया गया है।
पहले भी मिल चुका है ऐसा बम
जानकारी के अनुसार करीब सात महीने पहले पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर क्षेत्र में भी स्वर्णरेखा नदी में इसी प्रकार का बम मिला था, जिसे एयर फोर्स की टीम द्वारा निष्क्रिय किया गया था।